दिल्ली के पालम इलाके में हुई झमाझम बारिश

Update: 2023-06-21 01:47 GMT

दिल्ली। दिल्ली के कई इलाकों में बुधवार सुबह को झमाझम बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया है। बारिश के साथ चल रही हवाओं ने मौसम को फिर ठंडा कर दिया है। दिल्ली-एनसीआर के आसमान में सुबह से घने बादल छाए हुए हैं। इसी के साथ कई इलाकों में हल्की तो कहीं तेज बारिश शुरू हो गई है। बारिश के कारण से बिना छाता और रेनकोट लिए घर से दफ्तर और काम पर निकलने वाले लोग बीच रास्ते में ही भीग गए।

दिल्लीवासियों के लिए बुधवार को सुबह की शुरुआत ठंडी-ठंडी ताजगी भरी हवाओं के साथ हुई थी। बारिश के चलते तापमान में भी कमी आई है। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। बारिश का यह सिलसिला अगले पांच दिन तक चलने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने, हल्की बारिश या गरज के साथ छींटों के साथ सतह पर तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान मौसम के औसत से एक-एक डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि राजधानी में मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम पारा 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने कल अपने पूर्वानुमान में बुधवार को दिल्ली के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बूंदाबांदी अथवा गरज के साथ छीटें पड़ने की संभावना जताई थी। आज अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान को सामान्य से चार डिग्री कम 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री कम 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।


Tags:    

Similar News

-->