फर्जी अदालती आदेश से लिया प्रमोशन, जिस थाने में रहा तैनात उसी की पुलिस ने किया गिरफ्तार
खुद को दोषमुक्त दिखाकर लिया प्रमोशन, जांच में खुली पोल
बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पुलिस विभाग को गुमराह कर पदोन्नति हासिल करने के मामले में एक निलंबित मुख्य आरक्षी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने कथित तौर पर न्यायालय का फर्जी दोषमुक्ति आदेश तैयार कर विभाग में जमा किया था। जांच में आदेश फर्जी पाए जाने के बाद उसके खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना का मुकदमा दर्ज किया गया था। मंगलवार को नरैनी पुलिस ने आरोपी को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि वर्ष 2005 में नरैनी थाने में तैनात तत्कालीन आरक्षी भाईलाल के खिलाफ मारपीट, घर में घुसने और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी मिर्जापुर जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र स्थित राजपुर ओमघाट का निवासी है।
पुलिस ने मामले की विवेचना पूरी करने के बाद न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया था। आरोप है कि भाईलाल ने खुद को इस मुकदमे में दोषमुक्त दिखाने के लिए न्यायालय का फर्जी आदेश तैयार किया और उसे पुलिस विभाग में जमा करा दिया। इसी आदेश के आधार पर उसने कथित तौर पर पदोन्नति हासिल कर ली थी। विभागीय जांच के दौरान न्यायालय का दोषमुक्ति आदेश पूरी तरह फर्जी पाया गया। इसके बाद वर्ष 2025 में नरैनी थाने में मुख्य आरक्षी भाईलाल के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना की धाराओं में एक अन्य मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी इस मामले में वांछित चल रहा था।
मंगलवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नरैनी थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ओझा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रयागराज में कार्रवाई की। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अजीत कुमार, उपनिरीक्षक सौरव गौतम और आरक्षी अवधेश यादव शामिल थे। पुलिस ने आरोपी मुख्य आरक्षी को प्रयागराज के म्योर रोड से गिरफ्तार किया। जानकारी के मुताबिक, भाईलाल की अंतिम तैनाती फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाने में थी, जहां से उसे निलंबित कर दिया गया था। जिस नरैनी थाने में वह कभी आरक्षी के पद पर तैनात था, उसी थाने की पुलिस ने अब उसे गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।