सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत में एक रोडरेज की घटना में आउटलेट मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रह्लाद नाम का व्यक्ति कैथल स्थित डे-बैक आउटलेट में मैनेजर था। बताया गया कि जम्मू-कटरा हाईवे पर खेड़ा खेड़ी गांव के पास बदमाशों ने पहले मैनेजर की गाड़ी को टक्कर मारी थी। गाड़ी रुकवाकर जब प्रह्लाद ने टक्कर मारने का कारण पूछा और विरोध किया तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी।
वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची बरोदा थाने की पुलिस टीम ने गंभीर हालत में प्रह्लाद को रोहतक पीजीआई के लिए भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इससे पहले, शनिवार को हरियाणा के फरीदाबाद में गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, परमजीत धनखड़ मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे। वह सेक्टर-21सी स्थित मकान नंबर 641 की पहली मंजिल पर पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहते थे। वह एक बड़ी राष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत थे और नौकरी के सिलसिले में सिंगापुर में रह रहे थे। दो दिन पहले ही वह अपने परिवार के पास लौटे थे। 24 नवंबर को उनके भांजे की शादी होनी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं लेकिन इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
बताया गया कि वारदात वाली रात आठ बजे परमजीत जिम से घर लौटे थे। इसी दौरान पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर उनकी तीसरी मंजिल पर रहने वाले पड़ोसी मोहन उर्फ मोनू शर्मा से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मोनू ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और परमजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल परमजीत की मौत हो गई।
Tags: