Mubarikpur. मुबारिकपुर। गगरेट विधानसभा क्षेत्र के भंजाल वार्ड में जिला परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। साधारण परिवार में जन्मे भाजपा समर्थित प्रत्याशी गुरमुख सिंह ने अपने मजबूत जनसंपर्क, लंबे राजनीतिक अनुभव और विकास कार्यों के दम पर चुनावी मुकाबले में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। चार बार ग्राम पंचायत कुनेरन के प्रधान रह चुके गुरमुख सिंह को क्षेत्र में एक अनुभवी और प्रभावशाली जनप्रतिनिधि के रूप में देखा जाता है। पूर्व विधायक एवम भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष चेतन्य शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार गांव-गांव जाकर जनसभाएं, नुक्कड़ बैठकें और घर-घर संपर्क अभियान चला रहे हैं। चुनाव प्रचार के दौरान गुरमुख सिंह को मिल रहे समर्थन ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया है।
गुरमुख सिंह का कहना है कि पंचायत प्रधान के तौर पर उन्होंने हमेशा क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता दी और विकास कार्यों को धरातल पर उतारने का प्रयास किया। सडक़, पेयजल, शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए गए कार्य आज भी लोगों के बीच उनकी पहचान बने हुए हैं। उनका दावा है कि जिला परिषद में पहुंचने पर वह पूरे भंजाल वार्ड में विकास की नई इबारत लिखेंगे। पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा का कहना है कि चुनाव केवल वादों से नहीं बल्कि कार्यों और अनुभव के आधार पर जीते जाते हैं और गुरमुख सिंह के पास दोनों की मजबूत पूंजी मौजूद है। भाजपा समर्थित प्रत्याशी गुरमुख सिंह इस चुनाव में मजबूत दावेदार के रूप में सामने आए हैं। चार बार ग्राम पंचायत कुनेरन के प्रधान रहने का अनुभव उनकी सबसे बड़ी ताकत माना जा रहा है।