HPU स्थापना दिवस पर राज्यपाल की युवाओं से अपील

Update: 2026-07-23 09:51 GMT
Shimla. शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के 57वें स्थापना दिवस समारोह में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कविंद्र गुप्ता ने आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा के समन्वय पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को व्यावसायिक कौशल प्रदान करना नहीं, बल्कि उनमें चरित्र, नैतिक मूल्यों और सेवा भावना का विकास करना भी होना चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने स्थापना के बाद से शिक्षा, शोध और मानव संसाधन विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के एक हाथ में आधुनिक तकनीक और दूसरे हाथ में भारतीय संस्कार होने चाहिए, ताकि वे राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकें। उन्होंने जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाओं की बढ़ती चुनौतियों का उल्लेख करते हुए विश्वविद्यालय से आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में अनुसंधान को और सशक्त बनाने का आह्वान किया। साथ ही अंतरविषयक शोध, भारतीय ज्ञान परंपरा, क्षेत्रीय भाषाओं, औषधीय पौधों और जैविक खेती जैसे क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
Tags:    

Similar News