Hospice. धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूरा शीतकालीन सत्र सरकार की विफलता को उजागर करने वाला रहा। विपक्ष ने भ्रष्टाचार, ‘हिमाचल ऑन सेल’ और भारतीय सेना से जुड़े गंभीर मुद्दे उठाए, लेकिन सरकार किसी भी मुद्दे पर संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई। जयराम ठाकुर ने सेना पर मंत्री की कथित टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए संबंधित मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने और मुख्यमंत्री व मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस टिप्पणी से सैनिकों, अधिकारियों और पूर्व सैनिकों में भारी रोष है। प्रदेश के विभिन्न जिलों सहित देशभर में पूर्व सैनिक विरोध जता रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री संबंधित मंत्री को संरक्षण दे रहे हैं।
ऐसे संवेदनशील मामले में सरकार को कड़ा रुख अपनाते हुए मंत्री को पद से हटाने के साथ उनके खिलाफ मामला दर्ज करना चाहिए। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विपक्ष ने सत्र के दौरान ‘हिमाचल ऑन सेल’ और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा, लेकिन नियम-67 के तहत हुई चर्चा में भी मुख्यमंत्री स्थिति स्पष्ट नहीं कर पाए। जमीनों से जुड़े मामलों पर भी सरकार कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले चार वर्षों से सत्ता में है, इसलिए उसे अपने कार्यकाल में लिए गए फैसलों की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। मुख्यमंत्री के उस बयान पर पलटवार करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनावों में हार के बाद मुख्यमंत्री खुद दबाव में हैं। वे पंचायत चुनावों को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देने के बजाय विपक्ष पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि शीतकालीन सत्र में सरकार हर मोर्चे पर जवाब देने में विफल रही है।