हरिपुरधार बाजार में डोर-टू-डोर उठाया जाएगा कूड़ा

Update: 2024-04-28 11:07 GMT
नौहराधार। सिरमौर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हरिपुरधार की खोई हुई सुंदरता अब फिर से निखरेगी। कस्बे को सुंदर एवं साफ-सुथरा बनाने का बीड़ा मां भंगायणी व्यापार मंडल ने उठाया है। मां भंगायणी व्यापार मंडल हरिपुरधार व्यापार मंडल का ही एक अभिन्न अंग है। इस मंडल की खासियत यह है कि इस मंडल का गठन बाजार में व्यवसाय से जुड़े युवाओं ने किया है। खास बात यह है कि इस मंडल का उद्देश्य बाजार को साफ-सुथरा रखना है। स्थानीय प्रशासन भी इस अभियान में इस मंडल का खुलकर सहयोग कर रहा है। मां भंगायणी व्यापार मंडल ने बाजार से सारा कचरा एकत्रित करने के लिए एक सफाई कर्मचारी को नियुक्त किया है। बाजार में जो कचरा एकत्रित होगा उसे ढोने के लिए इस मंडल ने एक गाड़ी को भी हायर किया है।

शनिवार को कचरा ढोने ले लिए डोर-टू-डोर वाहन सेवा शुरू हो गई है। नायब तहसीलदार संतोष कुमारी ने गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बाजार में पहली बार कचरा ढोने के लिए वाहन सेवा शुरू की है। व्यापार मंडल की और से पहले भी बाजार की सफाई के लिए एक सफाई कर्मचारी रखा गया था, मगर फंड की समस्या पैदा होने की वजह से करीब दो वर्ष पहले सफाई कर्मचारी की छुट्टी कर दी गई थी। उसके बाद बाजार में चारों तरफ कूड़े-कचरे के ढेर लग गए थे जिसके कारण बाजार में गंदगी का साम्राज्य स्थापित हो गया था। बाजार में गंदगी फैलने से पर्यटकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या से निजात पाने के लिए प्रशासन ने पिछले दो वर्षों से कई बार प्रयास भी किए, मगर सारे प्रयास विफल हो गए।
Tags:    

Similar News