गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को 11 दिन की NIA हिरासत

हत्याकांडों

Update: 2025-11-19 13:54 GMT
Delhi दिल्ली। अमेरिका से भारत डिपोर्ट किए गए मोस्ट वांटेड गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को 19 नवंबर को IGI एयरपोर्ट पर NIA और दिल्ली पुलिस की विशेष टीम ने गिरफ्तार किया। अनमोल बिश्नोई को NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या का मुख्य साजिशकर्ता माना जा रहा है। गिरफ्तारी के तुरंत बाद उसे सीधे सुरक्षा घेरे में पटियाला हाउस कोर्ट ले जाया गया, जहां कोर्ट ने उसे NIA की 11 दिन की कस्टडी पर भेज दिया।
NIA ने अदालत में तर्क दिया कि अनमोल बिश्नोई से कस्टोडियल पूछताछ बेहद जरूरी है। एजेंसी के अनुसार, अनमोल का नाम 35 से ज्यादा हत्याकांड, 20 से अधिक अपहरण, फिरौती, धमकी और हिंसा से जुड़े मामलों में सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है। कोर्ट में यह भी बताया गया कि अनमोल के पास भारत के दो पासपोर्ट होने का मामला फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल की ओर इशारा करता है, जो उसके आपराधिक नेटवर्क की गहराई को दर्शाता है।
अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सुनवाई इन-कैमरा करने का आदेश दिया, जिससे मीडिया और बाहरी लोगों को प्रवेश नहीं मिला। NIA ने कोर्ट में यह भी कहा कि कस्टोडियल पूछताछ से एजेंसी को पूरे गिरोह की परत दर परत पड़ताल करने और अपराधों के वित्तीय और संचालन नेटवर्क का पता लगाने का मौका मिलेगा।
अनमोल बिश्नोई 2022 से फरार था और नवंबर 2023 में अमेरिका में पकड़ा गया था। वह सिद्धू मूसेवाला की हत्या, अभिनेता सलमान खान के घर पर फायरिंग, और बाबा सिद्दीकी की हत्या सहित कई हाई-प्रोफाइल मामलों में वांछित था। NIA की मार्च 2023 की चार्जशीट में बताया गया कि अनमोल ने 2020 से 2023 के बीच कनाडा स्थित आतंकवादी गोल्डी बराड़ और अपने भाई लॉरेंस बिश्नोई के साथ मिलकर कई आतंक और हिंसा के मामलों को अंजाम देने में सक्रिय भूमिका निभाई।
NIA की कस्टडी में अनमोल बिश्नोई से गहन पूछताछ के बाद ही स्पष्ट होगा कि इन वारदातों में किस-किस का हाथ था और उसके अपराध नेटवर्क की संरचना कैसी थी। पुलिस और एजेंसी की नजर अब पूरे गिरोह की पकड़ और बाकी फरार आरोपियों तक पहुंचने पर है।
Tags:    

Similar News