पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए वन विभाग ने उठाया कदम

Update: 2025-12-31 10:37 GMT
शिमला। हिमाचल प्रदेश में वन विश्राम गृहों की बुकिंग मेक माई ट्रिप की तर्ज पर भी भविष्य में हो सकेगी। विदेशी और बाहरी राज्यों के पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए विभाग ने यह कदम उठाया है। इस प्रयोग को सिरे चढ़ाने के लिए विभाग ने टेंडर प्रक्रिया भी चला दी है, जिसके पूरा होते ही यह व्यवस्था वन विभाग के विश्राम गृहों की बुकिंग के लिए आरंभ हो जाएगी। जानकारी के अनुसार प्रदेश में विदेशी और बाहरी राज्यों के पर्यटकों को वन विश्राम गृहों की ओर खींचने के लिए विभाग ने एक अनूठा कदम उठाया है। इसके तहत विभाग ने मेक माई ट्रिप की तर्ज पर विश्राम गृहों की बुकिंग की दिशा में एक कदम आगे बढाया है। इसके लिए विभाग ने ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया भी चला दी है। प्रदेश में विभाग के 465 विश्राम गृह और निरीक्षण कुटीर है। इनमें से विभाग के 120 विश्राम गृहों को ईको टूरिज्म सोसायटी के तहत संचालित किया जा रहा है।
पता चला है कि शुरुआती दौर में विभाग चैनल प्रबंधकों के जरिए 25 वन विश्राम गृहों की बुकिंग की सुविधा आरंभ करने की योजना पर काम कर रहा है। वन विश्राम गृहों तक देशी-विदेशी पर्यटकों को पहुंचाने के लिए बुकिंग हेतु चैनल मैनेजर्ज़ को इसमें शामिल किया जा रहा है। इसके लिए विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया भी आरंभ कर दी है। बुकिंग सेवा प्रदान करने के लिए सबसे अधिक बोली लगाने वाले को इसका जिम्मा वन विभाग सौंपेगा। बता दें कि हिमाचल प्रदेश के दूरदराज के क्षेत्रों में भी वन विभाग के विश्राम गृह है। उधर, प्रिंसीपल चीफ कंजरवेटर आफ फॉरेस्ट डा. संजय सूद का कहना है कि मेक माई ट्रिप की तर्ज पर वन विश्राम गृहों की बुकिंग हेतु विभाग कदम उठा रहा है। शुरुआती चरण में 25 विश्राम गृहों की बुकिंग चैनल प्रबंधकों के जरिए करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी आरंभ कर दी गई है।
Tags:    

Similar News