चंबा। जिला चंबा के सलूणी व चुराह उपमंडल में बरसात की बेरहम बारिश ने तबाही मचाकर रख दी है। बारिश के कारण सलूणी उपमंडल की लनोट पंचायत में बाढ़ के कारण दो मकान दरक गए हैं। इनमें एक प्रभावित परिवार को अपना आशियाना छोडक़र दूसरी जगह शरण लेनी पड़ी है। सलूणी की सूरी पंचायत के तितराड़ गांव में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। इस अचानक आए तेज पानी और मलबे के कारण कई घरों को नुकसान पहुंचा है। इससे पूरे गांव को खतरा पैदा हो गया है।
ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा हो गया। डियूर पंचायत के धुत्ता गांव में भी मूसलाधार बारिश का पानी तेज बहाव के साथ कई घरों में घुस गया, जिससे लोगों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा। चंबा-तीसा मार्ग पर पंगोला नाला के उफान पर आने से करीब दो घंटे यातायात ठप रहा। इसके अलावा चंबा-भरमौर मार्ग पर भी बत्ती दी हट्टी व लूणा में भू-स्ख्लन होने से यातायात बाधित हुआ। बारिश के कारण चुराह उपमंडल के माणी-झुलाड़ा, सरोल-सिढकुंड मार्ग पर भी बारिश के पानी के साथ मलबा बहकर मार्ग तक पहुंचने के लिए यातायात ठप रहा।