Nahan. नाहन। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक उपायुक्त सभागार में आयोजित हुई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा को लेकर दुकानदारों, होटलों, डिपुओं, आंगनबाड़ी केंद्र, कैंटीन, शराब की दुकानों के लाइसेंस अथवा पंजीकरण करने, नाहन शहर में बाहरी राज्यों से आने वाले दूध, ब्रेड व मिठाइयों के मासिक कानूनी सैंपल लेने के अलावा मोबाइल फूड टैस्टिंग वैन के माध्यम से जिला के हर क्षेत्र में सैंपल लेने व जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग को सभी लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के आदेश दिए। उन्होंने हलवाइयों से पुराना तेल न उपयोग करने की अपील की। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डा. अतुल कायस्थ ने बैठक का संचालन करते हुए बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत 5516 लाइसेंस व पंजीकरण किए। उन्होंने बताया कि मिलावटी सामान बेचने वाले 32 खाद्य कारोबारियों को वित्त वर्ष 2024-25 से अब तक 5.50 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डा. अतुल कायस्थ ने बताया कि मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन में लगभग 2500 सैंपल जांचे गए तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा 375 फूड सैंपल लिए गए हैं। अभियान जारी रहेगा।