BBN. बीबीएन। नालागढ़ उपमंडल के आदूवाल गांव स्थित एक औद्योगिक इकाई में गुरुवार देर रात कन्वेयर बेल्ट के समीप पराली में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और उद्योग को भी बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा। अग्निशमन विभाग को रात 9: 20 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही विभाग की तीन दमकल गाडिय़ां और 11 अग्निशमन कर्मियों की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित उद्योग में पहुंचकर दमकल कर्मियों ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और आग को फैलने से रोकने के लिए मोर्चा संभाल लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कन्वेयर बेल्ट के पास पड़ी पराली में आग लगी थी। आग से कुछ समय के लिए परिसर में धुआं फैल गया, लेकिन दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते आग उद्योग के मुख्य उत्पादन क्षेत्र तक नहीं पहुंच सकी। इससे संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया गया। कमान्डेंट होमगार्ड एवं अग्निशमन सेवा संतोष कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही तीन दमकल वाहन मौके पर भेजे गए थे। टीम ने करीब दो घंटे के भीतर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और उद्योग को सीमित नुकसान पहुंचा है। समय रहते आग बुझा लेने से लाखों रुपए की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया गया।