शिमला। शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक अहम सफलता हासिल की है। वर्ष 2024 के एक एनडीपीएस मामले में फरार चल रही महिला आरोपी को पुलिस ने चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थी और उसके खिलाफ न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी किए गए थे। इस मामले में अवनी उर्फ अंजलि निवासी सांगला आरोपी है। उसके खिलाफ अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश-1, शिमला की अदालत ने गैर-जमानती वारंट जारी किए थे। इसके बाद पुलिस थाना सदर, शिमला की एक टीम को आरोपी की तलाश में लगाया गया। लगातार निगरानी और तकनीकी पुलिस को आरोपी के चंडीगढ़ में होने की सूचना मिली।
इसके बाद पुलिस टीम ने मनीमाजरा में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद महिला आरोपी को शिमला में अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए, जिसके बाद उसे सब जेल कैथू भेज दिया गया। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि वर्ष 2024 में पुराने बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में छापेमारी के दौरान 43 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था।