बेटी के जन्म की खुशी से पहले पिता को मौत, एक्सीडेंट में साले ने भी दम तोड़ा

पत्नी बेखबर.

Update: 2026-07-13 11:26 GMT
हमीरपुर: हमीरपुर जिले के मौदहा थाना इलाके के रोहारी गांव निवासी कुलदीप कुमार और उनके साले पवन की रात करीब एक बजे एनएच-34 पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई. कुलदीप अपनी गर्भवती पत्नी रेखा को देखने के लिए साले और एक अन्य रिश्तेदार के साथ ई-रिक्शा से जिला अस्पताल जा रहे थे. बाइक की लाइट खराब होने के कारण उन्होंने ई-रिक्शा लिया था. अस्पताल से 23 किलोमीटर पहले हुए इस हादसे के ठीक दो घंटे बाद रात करीब तीन बजे पत्नी ने एक नवजात बच्ची को जन्म दिया, जिससे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं.
मौदहा के रोहारी गांव के रहने वाले कुलदीप की पत्नी रेखा को प्रसव पीड़ा होने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अपनी गर्भवती पत्नी को देखने के लिए कुलदीप अपने साले पवन और एक अन्य रिश्तेदार के साथ साढ़ू के घर से निकले थे.
बाइक की हेडलाइट खराब होने की वजह से उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से ई-रिक्शा से जाने का फैसला किया. लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था, रास्ते में ही वे हादसे का शिकार हो गए. रात करीब एक बजे कुण्डरा गांव के पास नेशनल हाईवे-34 पर एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनके ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में कुलदीप और उनके साले पवन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक अन्य रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया. इस खौफनाक हादसे के महज दो घंटे बाद रात करीब तीन बजे अस्पताल में कुलदीप की पत्नी ने एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया.
घर में एक तरफ जहां नन्हीं परी के आने की खुशी थी, वहीं दूसरी तरफ नवजात बच्ची का मुंह देखने से पहले ही उसके पिता और मामा इस दुनिया से चले गए. इस दुखद घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है. अस्पताल में भर्ती पीड़ित महिला रेखा को अब तक उसके पति कुलदीप और भाई पवन की मौत की खबर नहीं दी गई है. इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर एनएच-34 को खूनी हाईवे साबित कर दिया है.
Tags:    

Similar News