नकली टोमेटो सॉस की फैक्ट्री...आप जो खा रहे हैं वो कहीं केमिकल तो नहीं?

देखें वीडियो.

Update: 2026-04-09 04:17 GMT
हापुड़: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने घर में चल रही नकली टोमेटो सॉस फैक्ट्री पर छापा मार कार्रवाई की. छापे के दौरान केमिकल कलर और एसिड से टोमेटो सॉस तैयार होते देख अधिकारियों के होश उड़ गए. अधिकारियों ने करीब 200 लीटर टोमेटो सॉस को तुरंत सीज कर दिया और सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं.
मामला जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला पन्नापूरी का है. मोहल्ला पन्नापूरी निवासी सोनू अपने मकान में ही नकली टोमेटो सॉस की फैक्ट्री चला रहा था और नकली टोमेटो सॉस तैयार कर आसपास एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई कर रहा था. खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम को नकली टोमेटो सॉस तैयार कर एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई करने की सूचना मिल रही थी. सूचना पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मोहल्ला पन्नापुरी के मकान में छापा मारा. छापेमारी के दौरान नकली टोमेटो सॉस देखकर अधिकारियों के होश उड़ गए.
मकान के अंदर चल रही टोमेटो सॉस की फैक्ट्री में केमिकल कलर और एसिड से नकली टोमेटो सॉस तैयार की जा रही थी जो स्वास्थ्य के लिए बहुत ही घातक बताई जा रही है. खाद्य विभाग की टीम ने जब मकान मालिक से इसके संबंध में जानकारी ली, तो फैक्ट्री मालिक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर मिली करीब 200 लीटर नकली टोमेटो सॉस को सील कर दिया. नकली टोमेटो सॉस का सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है.
बताया जा रहा है कि ये नकली टोमेटो सॉस आसपास के होटल और रेस्टोरेंट में सप्लाई होती थी. मामले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त सुनील कुमार ने बताया कि इनकी शिकायत काफी समय से मिल रही थी. हापुड़ में इस तरह से कई जगह सॉस बनाया जा रहा है जो कि वेजिटेबल बताया जा रहा है. यह लाल रंग का इन्होंने बनाया हुआ है लेकिन इसमें खतरनाक कलर और एसिड डाला हुआ है और इसमें क्या डाला है जांच के बाद ही पता चलेगा. यह खाने लायक तो बिल्कुल नहीं है. रिपोर्ट आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
Tags:    

Similar News