एक वोट से पलटा चुनाव, भाजपा ने बरकरार रखा वर्चस्व

Update: 2026-06-20 11:19 GMT
Baijnath. बैजनाथ। खंड विकास समिति (बीडीसी) बैजनाथ के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को खंड विकास कार्यालय बैजनाथ में हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने कड़े मुकाबले के बीच दोनों पदों पर जीत दर्ज कर अपना वर्चस्व बरकरार रखा। एक-एक वोट के अंतर वाले इस चुनाव ने क्षेत्र की राजनीति को नई दिशा दी है। बैजनाथ बीडीसी के अंतर्गत नवनिर्वाचित 17 सदस्यों ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान किया। अध्यक्ष पद के चुनाव में छोटा भंगाल क्षेत्र के भाजपा समर्थित उम्मीदवार संजय ठाकुर (संजय कुमार) विजयी रहे। उन्हें 9 मत मिले, जबकि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार मोनिका को 8 मत प्राप्त हुए। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा समर्थित बीरू राम ने
जीत दर्ज की।


उन्हें 9 मत मिले। कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार राज कुमार को 7 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा समर्थित एक अन्य उम्मीदवार चमन को एक मत मिला। चुनाव परिणामों से स्पष्ट हुआ कि भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला बेहद कांटे का रहा। कुल 17 मतों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को 9 और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को 8 मत मिले। मात्र एक वोट के अंतर से भाजपा ने दोनों महत्वपूर्ण पदों पर जीत दर्ज कर ग्रामीण विकास से जुड़े इस प्रमुख निकाय पर अपना नियंत्रण कायम रखा। मतगणना पूरी होने और परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। पूर्व विधायक मुल्खराज प्रेमी ने इस जीत का श्रेय भाजपा नेतृत्व और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को दिया। चुनाव जीतने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय ठाकुर और उपाध्यक्ष बीरू राम ने पूर्व राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी से शिष्टाचार भेंट की।
Tags:    

Similar News