बुजुर्ग ने लिफ्ट के अंदर कर दिया पेशाब, वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने नाराजगी जताई

वीडियो हुआ वायरल.

Update: 2026-05-17 12:29 GMT
दिल्ली: दिल्ली मेट्रो के अंदर से आए दिन अजीबोगरीब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं. अब ऐसा ही एक मामला कालकाजी मेट्रो स्टेशन से सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग व्यक्ति का लिफ्ट के अंदर पेशाब करते हुए वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कुछ लोग इसे सार्वजनिक जगह पर गलत हरकत बता रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग बुजुर्ग की मेडिकल स्थिति को देखते हुए सहानुभूति जता रहे हैं.
वायरल वीडियो में एक महिला बुजुर्ग से सवाल करती नजर आ रही है. महिला कहती है कि “आप लिफ्ट के अंदर पेशाब क्यों कर रहे हैं?” इस पर बुजुर्ग जवाब देते हैं, “जो करना है करो…” वीडियो में महिला यह भी पूछती दिखाई दे रही है कि क्या उन्हें अपनी गलती का एहसास नहीं है. इस दौरान वहां मौजूद कुछ अन्य लोग भी हैरानी जताते नजर आए.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया. इसके बाद दिल्ली मेट्रो पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की. मेट्रो डीसीपी बी. भारत रेड्डी ने बताया कि यह घटना 15 मई की रात करीब 9:40 बजे की है. बुजुर्ग व्यक्ति जामिया नगर मेट्रो स्टेशन से फरीदाबाद की ओर यात्रा कर रहे थे और उन्हें कालकाजी स्टेशन पर मेट्रो लाइन बदलनी थी.
डीसीपी के मुताबिक, इसी दौरान बुजुर्ग को अचानक पेशाब लग गई. उन्होंने आसपास टॉयलेट तलाशने की कोशिश की, लेकिन उन्हें समय पर शौचालय नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने लिफ्ट में बोतल के जरिए पेशाब करना शुरू कर दिया. तभी वहां कुछ महिलाएं भी पहुंच गईं और उन्होंने वीडियो बना लिया.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बुजुर्ग व्यक्ति स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं और उन्हें पेशाब कंट्रोल करने में दिक्कत होती है. बताया गया कि वह अक्सर अपने साथ बोतल भी रखते हैं. इसी मेडिकल स्थिति को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया. हालांकि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की हरकत करने के कारण डीएमआरसी एक्ट के तहत उन पर जुर्माना लगाया गया है.
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और लोग इसे लेकर बहस कर रहे हैं कि सार्वजनिक जगहों पर ऐसी घटनाओं से कैसे निपटा जाए. खासकर तब जब मामला किसी बुजुर्ग की स्वास्थ्य समस्या से जुड़ा हो.
Tags:    

Similar News