मुंबई में दिखा चक्रवात 'बिपरजोय' का प्रभाव

Update: 2023-06-14 02:26 GMT

महाराष्ट्र। मुंबई में चक्रवात 'बिपरजोय' का प्रभाव देखने को मिल रहा है। नीचे दिए वीडियो गेट वे ऑफ इंडिया से है। वही गुजरात के कच्छ जिले में जखाऊ बंदरगाह के निकट शक्तिशाली चक्रवात 'बिपारजॉय' के संभावित आगमन से दो दिन पहले अधिकारियों ने मंगलवार को तटीय क्षेत्रों से करीब 30,000 लोगों को अस्थायी आश्रय स्थलों में स्थानांतरित कर दिया। एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की कई टीम तैयार हैं। इसके साथ ही, सेना के अधिकारियों ने नागरिक प्रशासन और एनडीआरएफ के साथ संयुक्त रूप से राहत कार्यों की योजना बनाई है।

दिल्लीवासियों को मंगलवार को भी भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा और अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, साक्षेप आर्द्रता का स्तर 39 प्रतिशत और 53 फीसदी के बीच रहा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम पारा 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। साथ में दिल्ली के कई हिस्सों में तेज़ हवाएं भी चली थी। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने बुधवार को दिन में तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।

बता दें कि अरब सागर में उठे चक्रवाती तूफान बिपरजॉय से गुजरात में भारी नुकसान की आशंका है। इसकी वजह से 150 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलेंगी, समुद्री तटों पर 10 से 14 मीटर ऊंची लहरें उठेंगी और 25 सेंटीमीटर से अधिक ‌वर्षा दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी दी। चक्रवात 'बिपरजॉय' से व्यापक क्षति होने की आशंका है और गुजरात के कच्छ, देवभूमि द्वारका और जामनगर जिले इससे सबसे अधिक प्रभावित हो सकते हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

आईएमडी के अनुसार, 'बिपरजॉय' मंगलवार को अत्यंत गंभीर चक्रवात से कमजोर होकर बेहद गंभीर चक्रवात में बदल गया। 'बिपरजॉय' के एक बेहद गंभीर चक्रवात के रूप में 15 जून की शाम को जखाऊ बंदरगाह के पास सौराष्ट्र तथा कच्छ के तटों को पार करने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक हवाएं चलने के आसार हैं।


Tags:    

Similar News

-->