नई दिल्ली: दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के छोटे भाई शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। शेख 76 साल के थे।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम के निधन से काफी आहत हूं। समाज के कल्याणार्थ जो उन्होंने किया उसे पीढ़ियां याद रखेंगी।"
भावुक पोस्ट में पीएम ने आगे लिखा, "मैं शाही परिवार और दुबई की जनता के प्रति भी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को शांति मिले।" शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम के निधन के बाद दुबई में 10 दिन के आधिकारिक शोक की घोषणा की गई है। इस दौरान पूरे अमीरात में झंडे आधे झुके रहेंगे।
शेख मोहम्मद ने अपने भाई को याद करते हुए बेहद भावुक संदेश जारी किया। उन्होंने कहा, "अहमद उनकी आंखों से दूर जरूर हो गए हैं, लेकिन दुआओं और दिल में हमेशा रहेंगे।" प्रेसिडेंशियल दीवान (राष्ट्रपति कार्यालय) ने भी उनके निधन पर बयान जारी किया। कहा कि ईश्वर के फैसले और किस्मत पर अटूट विश्वास के साथ, प्रेसिडेंशियल दीवान स्वर्गीय शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम के निधन पर शोक व्यक्त करता है।
इसमें आगे लिखा है कि दीवान देश के उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम और पूरे अल मकतूम परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करता है। साथ ही, सर्वशक्तिमान और महान ईश्वर से प्रार्थना करता है कि वे दिवंगत आत्मा को अपनी अपार दया और क्षमा प्रदान करें, और उनके परिवार को धैर्य और सांत्वना दें।
वहीं, खलीज टाइम्स के अनुसार, शेख अहमद शाही परिवार के प्रमुख सदस्यों में शामिल थे। उन्होंने दुबई पुलिस और पब्लिक सिक्योरिटी के डिप्टी चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाली। वह अल वस्ल स्पोर्ट्स क्लब के चेयरमैन भी रहे।
Tags: