दिवाली की रात: कई जगह लगी आग, आए 201 फोन कॉल, जानें सब कुछ

विभिन्न इलाकों में अगलगी की भी काफी घटनाएं हुई हैं।

Update: 2022-10-25 03:48 GMT

न्यूज़ क्रेडिट: हिंदुस्तान

नई दिल्ली: दिवाली की रात दिल्ली के विभिन्न इलाकों में अगलगी की भी काफी घटनाएं हुई हैं। दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में आग लगने की घटनाएं हुईं। हालांकि, पहले से ही मुस्तैद फायर बिग्रेड की टीम ने समय रहते आग की लपटों पर काबू पा लिया। जिसकी वजह से अगलगी की घटनाओं में बड़ा नुकसान नहीं हुआ। दिवाली के मौके पर इस बार दिल्ली में आग लगने की घटनाओं में 25 फीसदी की बढ़ोत्तरी दर्ज हुई है। वर्ष 2021 में जहां दिवाली पर रात 12 बजे तक आग लगने की 152 घटनाएं हुई थी तो वहीं वर्ष 2022 में आग लगने की 201 कॉल रात 12 बजे तक दमकल विभाग को मिली हैं। इनमें प्रशांत विहार के एक रेस्तरां और नरेला की दो फैक्ट्री में आग लगने की बड़ी घटनाएं थी। इन दोनों ही जगह पर आग को काबू पाने में दमकल को 2 घंटे से ज्यादा का समय लगा।

दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि इस बार दिवाली की रात 12 बजे तक 201 कॉल उन्हें मिली हैं। वहीं रात 12 बजे से लेकर सुबह 8 बजे तक कुल 68 कॉल दमकल को मिली हैं। वर्ष 2021 में रात 12 बजे से लेकर सुबह 8 बजे तक आग लगने की 42 घटनाएं हुई थी। इन कॉल पर पहुंचकर दमकल विभाग द्वारा आग को बुझाया गया। किसी भी घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
इधर ग्रेटर नोएडा स्थित एक रिहायशी सोसायटी के अपार्टमेंट में लगी आग की करते हैं। बताया जा रहा है कि यह आग गौर सिटी 2 इलाके में स्थित वेदांतम सोसायटी के एक प्लैट में लगी थी। बिसरख थाना क्षेत्र में स्थित इस सोसायटी के फ्लैट में आग लगने की खबर मिलते ही तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। चीफ फायर ऑफिसर अरुण कुमार सिंह ने कहा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। उन्होंने कहा, 'हमें रात करीब 10.05 मिनट पर जानकारी मिली कि वेदांतम सोसायटी में स्थित टावर बी2 के 17वें फ्लोर पर आग लग गी है। जल्दी ही आग 18वीं मंजिल पर भी पहुंच गई थी। इसके बाद फायर बिग्रेड की टीम वहां पहुंची थी। करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया।' इस अगलगी में कोई घायल नहीं हुआ है।
हालांकि, यह आग कैसे लगी थी इसका पता नहीं चल सका है। बता दें कि सोमवार को पूरे देश में दीपावली पूरे धूमधाम के साथ मनाई गई। इस दौरान देश के कई हिस्सों आग लगने की अलग-अलग घटनाएं भी हुईं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के गांधीनगर इलाके में स्थित एक फैक्ट्री में भी आग लग गई थी। सूचना मिलने के बाद वहां फायर ब्रिगेड की 10 टीमें पहुंची थीं।
अधिकारियों के मुताबिक, इस आग में फैक्ट्री के अंदर 4 लोग फंस गये थे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद इन सभी को वहां से बाहर निकाला। इसके अलावा प्रशांत विहार इलाके में स्थित एक रेस्टोरेंट में भी अगलगी की घटना हुई थी। दिल्ली फायर सर्विस के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में आग लगने से संबंधित कुल 201 कॉल फायर बिग्रेड कार्यालय में आए थे।
Tags:    

Similar News

-->