Noida नॉएडा: ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख पुलिस ने हत्या की एक घटना का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए आरोपी गोविन्द शर्मा पुत्र दुखी शर्मा को रोजा याकूबपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने क्रिकेट ग्राउंड में काम करने वाले अपने परिचित जसवीर मौर्य की हत्या करने की बात स्वीकार की है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल के पास से कई महत्वपूर्ण सामान भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गोविन्द शर्मा पिछले करीब चार वर्षों से रोजा जलालपुर में किराये के मकान में रहकर कारपेंटर का काम करता था। वह अक्सर मैच देखने के लिए आरसीजी क्रिकेट ग्राउंड जाता था। इसी दौरान उसकी पहचान क्रिकेट ग्राउंड में काम करने वाले जसवीर मौर्य से हुई। दोनों के बीच धीरे-धीरे दोस्ती हो गई और उनका एक-दूसरे के यहां आना-जाना शुरू हो गया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों कभी-कभी साथ बैठकर शराब और बीयर भी पीते थे। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 1 अगस्त 2026 को भी वह क्रिकेट ग्राउंड पहुंचा था, जहां जसवीर की कोठरी के सामने दोनों ने शराब और बीयर पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोपी के अनुसार, जसवीर उसे गाली देने लगा। जब उसने गाली देने से मना किया तो जसवीर ने उसे धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गया और उसके कंधे में चोट लग गई।
पुलिस के मुताबिक, इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने जसवीर को धक्का दिया, जिससे वह भी जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपी ने जसवीर के सीने पर बैठकर दोनों हाथों से उसका गला दबा दिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने काफी देर तक उसका गला दबाए रखा। जब जसवीर की हरकत बंद हो गई तो उसे लगा कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद आरोपी घबराकर मौके से फरार हो गया। भागते समय उसकी एक चप्पल घटनास्थल पर ही छूट गई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से बीयर की दो बोतलें, देशी शराब के दो पाउच, नमकीन के दो खाली पाउच, दो प्लास्टिक के ग्लास और आरोपी की चप्पल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान को मामले की विवेचना में महत्वपूर्ण साक्ष्य के तौर पर शामिल किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोविन्द शर्मा पुत्र दुखी शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसका स्थायी पता पश्चिम बंगाल के टेकरा वैशाली स्थित गोविन्द खटीक रोड और बिहार के लकी सराय थाना क्षेत्र के ग्राम लोधिया से संबंधित है, जबकि वह वर्तमान में ग्राम रोजा जलालपुर, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था।
Tags: