देवेंद्र जग्गी ने पर कसा तंज, भरोसे लायक नहीं सुधीर

Update: 2024-05-18 10:44 GMT
धर्मशाला। सुधीर शर्मा ने धर्मशाला नगर निगम निर्माण के दौरान लोगों के विरोध के बावजूद जबरदस्ती खनियारा, सकोह और सिद्धपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों को निगम में शामिल कर दिया, लेकिन सिद्धपुर से महज 50 मीटर दूर अपने घर को निगम से बाहर रखा। हालात यह हो गए हैं ग्रामीणों को एक पशुशाला तक बनाने में भी दिक्कतें आ रही हैं। छोटे से छोटे निर्माण कार्य के लिए उन्हें नक्शे अप्रूव करवाने पड़ रहे हैं, इससे ग्रामीणों पर अतिरिक्त खर्च का बोझ पड़ रहा है। यह बात शुक्रवार को आायोजित विभिन्न नुक्कड़ सभाओं के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र सिंह जग्गी ने कही। उन्होंने अपने चुनाव प्रचार को आगे बढ़ाते हुए भड़वाल, झियोल, सिद्धपुर, गमरू और शीला सहित विभिन्न क्षेत्रों में नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर जन संपर्क किया और लोगों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को आगामी दिनों में नगर निगम के विभिन्न टैक्सों से भी जूझना पड़ सकता है। सुधीर शर्मा ने अपने घर को नगर निगम से बाहर रखा, जबकि लोगों को परेशानियों में डाल दिया।
देवेंद्र सिंह जग्गी ने कहा कि कर्मचारियों, महिलाओं, युवाओं, ग्रामीणों और आम जनता का पूरा सहयोग कांग्रेस व प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ है। उन्होंने कहा कि सुधीर शर्मा पर लोग भरोसा न करें, वह अपने निजी स्वार्थ के लिए दूसरी पार्टियों में भी हाथ आजमा सकते हैं और प्रदेश में बार.बार पार्टियां बदलने वालों को प्रदेश की जनता हमेशा के लिए घर बिठा देती है। जग्गी ने कहा कि सुधीर शर्मा पहले कांग्रेस के गुणगान करते थे। पार्टी बदलने के बाद वह प्रधानमंत्री मोदी एवं भाजपा के गुणगान कर रहे हैं, वह दिन दूर नहीं जब वह भाजपा से भी गद्दारी करेंगे और भाजपा से गद्दारी करने के बाद वह प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना शुरू कर देंगे। जग्गी ने कहा कि सुधीर शर्मा भरोसे लायक नहीं हैं। पैसे के दम पर सुधीर शर्मा इस गलतफहमी में हैं कि वह चुनाव जीत जाएंगे। धर्मशाला की जनता उनकी जमानत जब्त करवाएगी। इस मौके पर देवेंद्र सिंह जग्गी के साथ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरभजन सिंह भज्जी, बाघणी पंचायत प्रधान सुरेश पप्पी, पूर्व प्रत्याशी विजय इंद्र कार्ण, महापौर नीनू शर्मा, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनीत धीमान, राकेश धीमान सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस एवं सेवादल सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Tags:    

Similar News