समाज में बैठक, पंचायत में बैठक, प्रताड़ित करने से बाज नहीं आए ससुराल वाले, बहू ने किया सुसाइड

पढ़े पूरी खबर

Update: 2026-07-29 03:44 GMT

आगरा। एक महिला ने मौत से पहले ऐसा वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसने पूरे परिवार को झकझोर दिया. करीब डेढ़ मिनट के वीडियो में महिला ने अपने पति और सास-ससुर पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए. साथ ही वीडियो में इंसाफ की गुहार लगाई और फिर गले में फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की. जिसके बाद गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. लेकिन महिला ने दो दिन बाद यानी कि सोमवार सुबह दम तोड़ दिया. पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष की तहरीर पर पति और सास-ससुर को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

मामला आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र का है. मृतका प्रियंका की शादी वर्ष 2021 में सिद्धार्थनगर निवासी अभिपाल से हुई थी, जो एक निजी कंपनी में काम करता है. दंपती के दो छोटे बच्चे हैं. तीन साल की बेटी और एक साल का बेटा. पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब 11 बजे प्रियंका ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया. इससे पहले उसने अपने मोबाइल फोन से करीब डेढ़ मिनट का वीडियो रिकॉर्ड किया. वीडियो में उसने आरोप लगाया कि वह पति और सास-ससुर की प्रताड़ना से परेशान है और अपनी मौत के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया.

उसने अपनी मौत के बाद इंसाफ दिलाने की अपील भी की. वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद उसने उसे अपने पति और मायके पक्ष के लोगों को भेज दिया. जिस समय उसने यह कदम उठाया, उस समय पति ड्यूटी पर था. वीडियो देखते ही उसने परिजनों और पड़ोसियों को सूचना दी. वहीं दरवाजा तोड़कर जब लोग कमरे में पहुंचे तो प्रियंका पंखे से लटकी मिली. उसे तुरंत नीचे उतारकर शहीद नगर स्थित पार्थ सारथी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतका के भाई राजेंद्र सिंह का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर प्रियंका का लगातार उत्पीड़न किया जाता था. कई बार दोनों परिवारों के बीच पंचायत भी हुई और समझौते के बाद प्रियंका को ससुराल भेजा गया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं आया. डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर पति और सास-ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने मृतका का वीडियो भी जांच का हिस्सा बनाया है और सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है.


Tags:    

Similar News