इंदापुर। महाराष्ट्र में गंभीर सूखे की स्थिति के बीच एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले ने राज्य में होने वाले सभी चुनावों को फिलहाल स्थगित करने की मांग की है। इंदापुर में उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में प्राथमिकता चुनाव नहीं, बल्कि सूखे से प्रभावित लोगों और किसानों को राहत पहुंचाना होनी चाहिए।
सुप्रिया सुले ने कहा कि राज्य के कई हिस्सों में सूखे की स्थिति बेहद गंभीर है और इसे लोग अपनी आंखों से देख रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए सभी चुनाव कुछ समय के लिए टाल दिए जाएं और पहले जनता की समस्याओं का समाधान किया जाए। उनके मुताबिक चुनाव अगले साल कराए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर शरद पवार ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। पवार ने सूखे से प्रभावित किसानों, कृषि मजदूरों और ग्रामीण आबादी के लिए राहत उपायों की मांग की है। हाल में उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र भेजकर सूखे की स्थिति पर तीन दिन का विशेष विधानसभा सत्र बुलाने और राहत पैकेज सहित कई मांगें रखी थीं।  
सुले ने कहा कि उनकी पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री के सामने कई सुझाव रखे गए हैं और इनका उद्देश्य केवल प्रभावित लोगों की मदद करना है। उन्होंने कहा कि सरकार को मौजूदा संकट पर तत्काल ध्यान केंद्रित करना चाहिए। महाराष्ट्र सरकार ने हाल में राज्य के 265 तालुकों में सूखा घोषित किया है। सूखे के कारण किसानों के सामने फसल, पानी और आर्थिक संकट की स्थिति बनी हुई है।
Tags: