Hamirpur. हमीरपुर। नगर निगम हमीरपुर के तहत गौतम गली में गमला चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। एक डिलीवरी ब्वॉय गली में एक मकान के बाहर रखे गए गमले को उठाकर ले गया। रात के समय डिलीवरी ब्वॉय बाइक पर सवार होकर इस गली से गुजरा तथा वापस लौटते समय गली में बाइक खड़ी कर गमला चोरी कर ले गया। फूल लगा हुआ गमला चोरी होने का पता चलने के बाद सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला गया तो पता चला कि रात के समय इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। बता दें कि नगर निगम में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। इससे पहले घर के आंगन से खरगोश सहित पिंजरा चोरी होने का मामला भी सामने आ चुका है। चोरी की बढ़ रही वारदातों से लोग काफी चिंतित हैं। हालांकि अधिकांश लोगों ने अपने घरों के आस पास सीसीटीवी कैमरे लगा रखे हैं जिनमें चोरी की ये वारदातें कैद हो रही हैं।