रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज जम्मू दौरे पर

Update: 2023-06-26 01:18 GMT

जम्मू। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को जम्मू के एक दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। वह जम्मू में सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। राजनाथ सिंह सोमवार सुबह दस बजे के करीब जम्मू पहुंचेंगे और सीधे जम्मू विश्वविद्यालय के जनरल जोरावर सिंह आडिटोरियम में सुरक्षा पर सम्मेलन को संबोधित करेंगे। आंतरिक व बाहरी सुरक्षा पर सम्मेलन होगा जिसमें पंद्रह सौ लोगों को आमंत्रित किया गया है।

पीएमओ में राज्यमंत्री डा. जितेंद्र सिंह, प्रदेश भाजपा के प्रधान रविंद्र रैना, पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता, सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी, सुरक्षा मामलों के विशेषज्ञ, डाक्टर, शोधकर्ता, मीडिया कर्मी भी भाग लेंगे। पार्टी के प्रदेश प्रधान रविंद्र रैना ने बताया कि पिछले नौ साल से देश का सुरक्षा ढांचा मजबूत किया जा रहा है। भारत की रक्षा प्रणाली को मजबूत किया गया है। वह नौ साल में मोदी सरकार की तरफ से सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देंगे। वह सुरक्षा मुद्दों पर बात करेंगे और भारत की रक्षा के क्षेत्र में बनी मजबूत स्थिति बारे अवगत करवाएंगे। सम्मेलन दोपहर करीब एक बजे तक चलेगा और उसके बाद राजनाथ सिंह सीधे पार्टी मुख्यालय जाएंगे।वह पार्टी मुख्यालय में नेताओं व कार्यकर्ताओं से मिलेंगे।

रक्षा मंत्री सोमवार शाम को वापिस दिल्ली लौट जाएंगे। रैना ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के तत्काल बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का दौरा हो रहा है। मोदी सरकार के नौ साल पूरा होने पर हम लोगों के बीच सरकार की उपलब्धियों को लेकर जा रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री और रक्षा मंत्री के दौरों से निश्चित तौर पर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा।


Tags:    

Similar News

-->