New Delhi/Raipur. नई दिल्ली/रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में दीपक म्हस्के ने पदभार ग्रहण कर लिया है। पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पदभार संभालने के बाद दीपक म्हस्के ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई। दीपक म्हस्के ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन पर जो
विश्वास जताया
है, उसके लिए वह पूरी तरह कृतज्ञ हैं। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए संगठन की सेवा करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि भाजपा का सोशल मीडिया विभाग आज पार्टी की विचारधारा, नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है। आने वाले समय में सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी की पहुंच को और व्यापक बनाने, कार्यकर्ताओं को जोड़ने और डिजिटल प्लेटफॉर्म को अधिक प्रभावी बनाने पर काम किया जाएगा।


पदभार ग्रहण करने के अवसर पर दीपक म्हस्के ने भाजपा सोशल मीडिया विभाग को मजबूत और प्रभावी स्वरूप देने में पूर्व राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अमित मालवीय के नेतृत्व में विभाग ने डिजिटल क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं और संगठन के संदेश को
देशभर
में पहुंचाने का कार्य किया है। भाजपा में सोशल मीडिया विभाग की भूमिका पिछले कुछ वर्षों में काफी बढ़ी है। पार्टी डिजिटल माध्यमों के जरिए युवाओं और आम जनता तक अपनी नीतियों एवं कार्यक्रमों को पहुंचाने पर लगातार जोर दे रही है। ऐसे में राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी को संगठन के लिए काफी अहम माना जा रहा है। दीपक म्हस्के के पदभार संभालने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और सोशल मीडिया टीम में नई ऊर्जा आने की उम्मीद जताई जा रही है। पार्टी की डिजिटल रणनीति को आगे बढ़ाने और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने की दिशा में वह काम करेंगे।
Tags: