बोकारो: झारखंड के बोकारो के बोकारो थर्मल इलाके से फुटबॉल मैच के दौरान एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां नई बस्ती मैदान में चल रहे डे-नाइट फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान 37 वर्षीय खिलाड़ी कजरा मुर्मू की मौत हो गई. मैच के दौरान दूसरे खिलाड़ी से टक्कर के बाद वह अचानक मैदान पर गिरकर बेहोश हो गए. आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
जानकारी के मुताबिक बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र की नई बस्ती में बजरंग क्लब की ओर से तीन दिवसीय डे-नाइट फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई थी. इसी प्रतियोगिता में गोमिया के खंभरा बस्ती निवासी कजरा मुर्मू भी हिस्सा ले रहे थे. मैच के दौरान उनकी एक अन्य खिलाड़ी से टक्कर हो गई. टक्कर लगते ही कजरा मुर्मू मैदान में गिर पड़े और बेहोश हो गए.
कजरा के मैदान पर गिरते ही वहां मौजूद आयोजकों और खिलाड़ियों में अफरा-तफरी मच गई. उन्हें तत्काल डीवीसी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना की खबर इलाके में फैलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए.
कजरा मुर्मू की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर अस्पताल में हंगामा किया. अचानक हुई इस मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, फुटबॉल प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों के बीच भी शोक का माहौल है.
मैच के दौरान हुई इस घटना ने खेल आयोजन की खुशियों को मातम में बदल दिया. कजरा मुर्मू की मौत से उनके परिवार और पूरे इलाके में गहरा दुख है.