Crime Breaking: मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक की गोली मारकर हत्या

बड़ी खबर

Update: 2024-07-19 16:13 GMT
Hathras. हाथरस। हाथरस में शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद एसपी भी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिवाया। मृतक के भाई ने अवैध संबंध में हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। कहा, मेरे भाई की पत्नी के किसी और से अवैध संबंध थे। इन्हीं लोगों ने मिलकर भाई को मारा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मृतक के साले को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

कोतवाली सदर क्षेत्र की गणेश सिटी कॉलोनी निवासी मुनेंद्र पुत्र पुरुषोत्तम दास आज सुबह जब पैदल कॉलोनी से कलवारी रोड पर मॉर्निंग वॉक पर जा रहे थे। तभी कुछ हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से मुनेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर लोग वहां पहुंचे, तो हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। मुनेंद्र की लाश वहां पड़ी थी। घटनास्थल पर भीड़ एकत्रित हो गई। मृतक के परिजन भी वहां आ गए। जानकारी मिलने पर पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस की फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड वहां छानबीन में जुट गए। पुलिस अधीक्षक निपुण अग्रवाल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक पिछले दिनों तक कुछ विभागों में निर्माण कार्य आदि की ठेकेदारी करता था। लेकिन इस समय वह खेती का काम करता था। वह मूल रूप से हाथरस जंक्शन क्षेत्र का गवारऊ का रहने वाला था।

पुलिस अधीक्षक निपुण अग्रवाल ने बताया कि आज सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। हमलावर मौके से फरार हो गए। आखिर यह हत्या क्यों की गई, पुलिस अब इसका कारण पता करने में जुटी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। हमलावरों की तलाश की जा रही है। भाई अशोक उपाध्याय ने हत्या का आरोप मृतक मुनेंद्र उपाध्याय की पत्नी प्रियंका, साले अमित शर्मा निवासी भूरापीर, भानु पुत्र भूपेंद्र उर्फ भूरा निवासी एहन थाना हाथरस जंक्शन पर लगाया है। कोतवाली सदर में दी तहरीर में अशोक उपाध्याय ने कहा है उसके भाई मुनेंद्र की पत्नी प्रियंका के अवैध संबंध भानु से थे। कुछ दिन पहले प्रियंका को भानु बहला फुसलाकर भगा ले गया था। समाज की पंचायत होने के 1 महीने बाद प्रियंका को वापस घर भेज दिया था। प्रियंका के भाई अमित ने भी प्रियंका को भगाकर ले जाने में मदद की थी। तहरीर में कहा गया है कि अवैध संबंध में प्रियंका, भानु और अमित ने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी अमित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
Tags:    

Similar News

-->