केंद्र सरकार ने कोरोनावायरस के एक और टीके 'कोर्बिवैक्स' की पांच करोड़ खुराक खरीदने के लिए बायोलॉजिकल-ई को ऑर्डर दिया है। इसकी प्रत्येक खुराक की कीमत कर सहित 145 रुपये तय हुई है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। हालांकि, अभी यह तय नहीं है कि सरकार इस नए टीके का इस्तेमाल किस वर्ग के लाभार्थियों के लिए करेगी।

जानकारी के मुताबिक, तकनीकी समूहों और स्वास्थ्य मंत्रालय के टीकाकरण विभाग के बीच कोरोना की एहतियाती खुराक (बूस्टर डोज) के दायरे का विस्तार करने के बारे में चर्चा चल रही है। एहतियाती खुराक फिलहाल स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स और वरिष्ठ नागरिकों को दी जा रही है। बताया गया है कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जनवरी के अंत में बायोलॉजिकल-ई को कोर्बिवैक्स की आपूर्ति का ऑर्डर जारी किया था। ऑर्डर के मुताबिक, हैदराबाद स्थित कंपनी फरवरी में आपूर्ति शुरू कर सकती है।
खरीद आदेश में कहा गया है कि 145 रुपये प्रति खुराक प्लस जीएसटी की दर से कोर्बिवैक्स की पांच करोड़ खुराक की खरीद 725 करोड़ रुपये प्लस जीएसटी तक पहुंचेगी। आदेश के मुताबिक, 'एचएलएल लाइफकेयर ने दो जून 2021 के मंजूरी आदेश के तहत 1,500 करोड़ रुपये अग्रिम भुगतान के रूप में जारी किए गए हैं।'
सरकार ने संसद को बताया है कि कोविड-19 टीकों की एहतियाती खुराक और 15 साल से कम उम्र के बच्चों के टीकाकरण के लिए पात्र लाभार्थियों की सूची का विस्तार करने का कोई भी निर्णय, उपलब्ध वैज्ञानिक साक्ष्य की समीक्षा के आधार पर एनटीएजीआई की सिफारिशों के अनुसार होगा।


Tags: