अमित शाह के मध्य प्रदेश जाने पर कांग्रेस ने साधा निशाना

Update: 2023-07-29 14:58 GMT
खंडवा |  मध्य प्रदेश की चुनावी रण में सियासी शतरंज की बिसात बिछने लगी है। भाजपा की मौजूदा सरकार कांग्रेस को सत्ता से दूर रखने के लिए कमर कस रही है तो, वही कांग्रेस भी बीजेपी को सियासी मैदान में पटखनी देने के लिए जोर लगा रही है। इसी सिलसिले में मध्य प्रदेश के खंडवा में हुई कांग्रेस की एक कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा हार के डर से बुरी तरह डरी हुई है। इसीलिए भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृहमंत्री अमित शाह को मणिपुर जैसे ज्वलनशील मुद्दे को छोड़कर मध्य प्रदेश के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मणिपुर मुद्द पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अगर समय रहते ध्यान दे लेते तो आज मणिपुर की ऐसी हालत नहीं होती। इतना ही नहीं कांग्रेस ने शिवराज पर भी निशाना साधा और एक बार फिर मंदसौर में हुए गोलीकांड का मुद्दा उठाया, साथ ही शिवराज सिंह को घोटालेबाज और करप्ट मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि, भाजपा की अब सत्ता से जल्द ही रवानगी होने वाली है।
खंडवा में कांग्रेस ने चुनावी तैयारियों को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता और खंडवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष डॉ मुनीश मिश्रा ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। मुनीश मिश्रा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और भावी मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आगामी विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस सरकार बनने पर किसानों को 5 सौगातें देने की घोषणाएं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवराज सरकार ने हमेशा किसान विरोधी रुख अपनाया है। मध्य प्रदेश में भाजपा राज में 20489 किसानों ने आत्महत्या की है। एक तरफ शिवराज सरकार किसान सम्मान निधि की बात करती है तो दूसरी तरफ प्रदेश के लाखों किसानों को जानबूझकर अपात्र घोषित कर, उन्हें रिकवरी के नोटिस दिए गए हैं। किसानों को फसल बीमा की राशि समय पर नहीं मिल रही है। डॉ मुनीश मिश्रा ने कहा कि शिवराज सरकार ने 2017 में मंदसौर में किसानों पर गोली चलाई थी। लेकिन अपने किसान विरोधी स्वरूप का परिचय देते हुए शिवराज सरकार ने आज तक मंदसौर गोलीकांड की जांच रिपोर्ट विधानसभा के पटल पर नहीं रखी है। उन्होंने तीन कृषि कानूनों को लेकर भी शिवराज पर निशान साधा और कहा कि जब केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने तीन काले कृषि कानून बनाए तो शिवराज सरकार ने उसका पूरा समर्थन किया। इन तीनों काले कानूनों का मकसद किसानों की जमीन कुछ पूंजीपतियों के हाथ में पहुंचाना था। इन कानूनों का विरोध करने में 700 से अधिक किसानों की मृत्यु हो गई।
इतना ही नहीं डॉ मुनीश मिश्रा में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि भाजपा को मध्यप्रदेश में हार का डर सता रहा है। इसीलिए अमित शाह बार बार मध्यप्रदेश का दौरा कर रहे हैं। डॉ मिश्रा ने शाह पर हमला करते हुए कहा कि अमित शाह देश के गृहमंत्री है उन्हें मणिपुर की जरा भी चिंता नहीं है। नहीं तो केंद्रीय गृहमंत्री को मणिपुर जैसा ज्वलंत मुद्दा छोड़कर मध्यप्रदेश में 24 - 24 घंटे में दो- दो बार दौरा करना पड़ रहा है। वे इस बात से घबराए हुए है कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस पूर्णबहुमत से आ रही है।
Tags:    

Similar News

-->