Shimla. शिमला। हिमाचल में कांग्रेस कार्यकाल में पेपर लीक होने के केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के आरोप पर प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने तीखा जवाब दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वर्तमान कांग्रेस सरकार के समय कोई भी पेपर लीक नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय में पेपर लीक हुए थे और कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर के पेपर बेचे तक गए थे। बता दें कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने हाल ही में बयान दिया था कि हिमाचल में भी पेपर लीक हुए है। लिहाजा केंद्रीय मंत्री के इस बयान पर विनय कुमार ने गुरुवार को पलटवार किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार सत्ता के बल पर युवाओं, छात्रों व विपक्षी नेताओं की आवाज को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है। विनय कुमार ने कहा कि हिमाचल में दिसंबर, 2022 में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व पाली सरकार बनने के तुरंत बाद जेओए आईटी भर्ती परीक्षा का पेपर लीक मामला सामने आया था। इस घटना के तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने हमीरपुर कर्मचारी चयन आयोग की पुरानी ली गई कई परीक्षाओं में अनियमितताएं पाए जाने के बाद फरवरी, 2023 में इस आयोग को पूरी तरह भंग कर दोषियों को सलाखों के पीछे धकेला। उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रदेश में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रदेश सरकार ने हिमाचल प्रदेश लोक परीक्षा, अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम, 2025 लागू किया है जिसके तहत पेपर लीक में शामिल लोगों को 10 साल तक की जेल और एक करोड़ तक के जुर्माने का प्रावधान है।