कांग्रेस नेताओं ने कांग्रेस कार्य समिति CWC की बैठक के बाद फोटो खिंचवाई
नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेता अहमदाबाद में कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के बाद फोटो खिंचवाई।
CWC की बड़ी बैठक
गुजरात के अहमदाबाद में कांग्रेस का 84वां अधिवेशन हो रहा है। यह दो दिन (8 और 9 अप्रैल) चलेगा। मंगलवार को पहले दिन कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक चार घंटे चली। मीटिंग के बाद कार्यसमिति के सभी सदस्यों को पटेल अ लाइफ नाम की पुस्तक दी गई। इसके बाद सरदार स्मारक के बाहर नेताओं का फोटो सत्र आयोजित किया गया।
वहीं, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी प्रवक्ता जयराम रमेश ने कहा- सरदार वल्लभभाई पटेल को लेकर एक विशेष प्रस्ताव पास किया है। कल दो दो मुद्दों पर चर्चा होगी। हमारे प्रस्ताव से मालूम होगा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल के बीच कैसे रिश्ते थे। उन्होंने यह भी कहा कि आज गांधीवादी संस्थाओं पर हमले हो रहे हैं।
गुजरात में 64 साल बाद हो रहा अधिवेशन गुजरात में 64 साल बाद पार्टी यह कार्यक्रम कर रही है। इससे पहले 1961 में भावनगर में अधिवेशन हुआ था। यह आजादी के बाद गुजरात में कांग्रेस का पहला कार्यक्रम था। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी सुबह करीब 10.30 बजे अहमदाबाद पहुंचें। प्रियंका गांधी आज अहमदाबाद नहीं पहुंची हैं। वहीं, कल की मीटिंग के लिए आज देर शाम दो चार्टर्ड प्लेन में 80 कांग्रेस नेता अहमदाबाद पहुचेंगे।
बुधवार को साबरमती रिवरफ्रंट पर मुख्य अधिवेशन होगा 9 अप्रैल को मुख्य अधिवेशन होगा, जिसमें देशभर से 1700 से अधिक कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि भाग लेंगे। यह कार्यक्रम साबरमती रिवर फ्रंट पर होगा। यहां VVIP डोम बनाया गया है। इस अधिवेशन की थीम है, ‘न्यायपथ: संकल्प, समर्पण, और संघर्ष।’
अधिवेशन में सोनिया गांधी, राहुल, प्रियंका गांधी वाड्रा जैसे सीनियर लीडर मौजूद रहेंगे। पार्टी के मुताबिक यह अधिवेशन गुजरात में संगठन को मजबूत करने और 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए रोडमैप तैयार करने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।
इस साल महात्मा गांधी के बतौर कांग्रेस अध्यक्ष 100 साल पूरे हो रहे हैं। इसके अलावा सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती भी है। दोनों ही महान विभूतियां गुजरात में पैदा हुई थीं, इसलिए कांग्रेस पार्टी ये अधिवेशन गुजरात में कर रही है।