फेक वीडियो बनाकर लोगों में भ्रम फैला रही कांग्रेस

Update: 2024-05-01 04:43 GMT
हमीरपुर। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि झूठ बोलने में माहिर कांग्रेस अब डीप फेक वीडियो बनाकर लोगों में भय और भ्रम फैला रही है। कांग्रेस के बड़े नेताओं का नाम इसमें आना लोकतंत्र के लिए शर्मनाक भी है और घातक भी है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आम चुनावों से पहले भी हमें पता था कि विपक्ष अपनी निश्चित हार को देखते हुए झूठ, भय और भ्रम का सहारा जरूर लेगा। आज कांग्रेस का हर बड़ा नेता केवल झूठ के बदौलत अपना पूरा चुनाव प्रचार चला रहा है। झूठ बोलने से भी हार में बदलाव न होता देख अब यह लोग टेक्नोलॉजी और डीप फेक का उपयोग कर और ज्यादा भ्रम और भय फैला रहे हैं। चुनाव जीतने के लिए इंडी अलायंस के नेता सारे अनैतिक कार्य कर रहे हैं। आखिऱ वोट के लिए इतना नीचे गिरने का क्या औचित्य है। ठाकुर ने आगे कहा कि राहुल गांधी कहीं से भी चुनाव लड़ें उनकी हार निश्चित है पर अपनी हार से बचने के लिए कांग्रेस झूठ, भय और भ्रम न फैलाएं। आरक्षण और संविधान के बारे में कांग्रेस द्वारा फैलाया जा रहा भ्रम बिलकुल निराधार और बेबुनियाद है। कांग्रेस जहां-जहां राज्य सरकार बनाती है वहां एससी-एसटी और ओबीसी का आरक्षण काटकर अपने वोट बैंक को देती है।

कांग्रेस ने देश में इमरजेंसी लगाई। उन्होंने अब तक सबसे ज्यादा 62 बार संविधान संशोधन किए हैं। वहीं पिछले 10 वर्षों में मोदी सरकार ने एससी-एसटी और ओबीसी के सशक्तिकरण के एक नए युग की शुरुआत की है। हमने ओबीसी कमिशन को संवैधानिक दर्जा दिया। आज हमारे सभी योजनाओं के प्रमुख लाभार्थी एसटी, एससी और ओबीसी समुदाय के लोग हैं। एससी-एसटी और ओबीसी के लिए आरक्षण पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा, लेकिन हमारे लिए एक और स्पष्ट बात यह भी है कि हम धर्म के आधार पर मुसलमानों के आरक्षण के सख्त खिलाफ हैं। कांग्रेस आज चुनाव से भागती नजर आ रही है। उसके कई बड़े नेता चुनाव नहीं लडऩा चाह रहे। कांग्रेस को कई सीटों पर उम्मीदवार तक खोजने में परेशानी हो रही है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा बंगाल सरकार को संदेशखली और शाहजहां शेख के मामले में एक पक्ष बनने के आग्रह पर फटकार लगाए जाने के ऊपर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह ममता बनर्जी की तुष्टिकरण की राजनीति की पराकाष्ठा है। ममता बनर्जी एक महिला मुख्यमंत्री होते हुए ऐसे लोगों को संरक्षण दे रही हैं जिन्होंने महिलाओं के खिलाफ अत्याचार कर उनकी जमीनें हड़पने और उनका यौन उत्पीडऩ करने का घृणित कार्य किया है।
Tags:    

Similar News