कांग्रेस ने चार साल तक बनने नहीं दिया था हाइड्रो कालेज

Update: 2024-05-09 10:07 GMT
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बिलासपुर में आयोजित पन्ना प्रमुख सम्मेलन में कांग्रेस की तुष्टिकरण एवं सनातन विरोधी राजनीति पर जमकर निशाना साधा। कहा कि बाकी सभी पार्टियों ने विचारधारा के साथ समझौता किया लेकिन भाजपा जन संघ के रूप में अपनी स्थापना से लेकर आज तक अपनी विचारधारा पर अडिग रही। हम आजादी के बाद से ही एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेगा के लिए संघर्षशील रहे। प्रधानमंत्री ने 5 अगस्त 2019 को धारा 370 को धराशायी कर जम्मू-कश्मीर को सही मायनों में भारत का अभिन्न अंग बनाया। जिस नारे के लिए हमारे नेता स्वर्गीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपना बलिदान दिया आज जनता जनार्दन के आशीर्वाद से जम्मू.कश्मीर में एक विधान, एक निशान, एक प्रधान लागू हो गया हैं। नड्डा ने हिमाचल में विकास कार्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल में विकास के लिए एक पत्थर भी लगाने का काम नहीं किया कांग्रेस शासन में हाइड्रो इंजीनियरिंग का कॉलेज 4 साल तक नहीं बनने दिया जब मोदी प्रधानमंत्री बने तो इस कार्य को शुरू कर इसे जमीन पर उतारने का काम किया।

गलत वोट पडऩे पर इलाके वीरान हो जाते हैं सूने हो जाते हैं जीवन बिन पानी का हो जाता है लेकिन जब सही वोट पड़ता है तो इलाके आबाद होते हैं विकास होता है। आज हिमाचल में नजर घुमाएं तो एम्स मेडिकल कॉलेज दिखाई देते हैं यह सारे विकास कार्य हिमाचल में मोदी के नेतृत्व में हुआ है। हिमाचल में आईआईएम खुला है, ऊना में पीजीआई का सैटेलाइट केंद्र आया हैं। हम चुनाव में जीतने के लिए बात नहीं कर रहे है बल्कि चुनाव में जीत का प्रतिशत बढ़ाने के बात कर रहे है। कहा कि आज से 34 साल पहले पालमपुर में भाजपा ने अपनी कार्यसमिति बैठक में प्रस्ताव पारित किया था कि हम राम मंदिर का रास्ता प्रशस्त करेंगे। हम नारे लगाते थे राम लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। हमारे लिए राम मंदिर राजनीति का मुद्दा नहीं बल्कि हमारे मन के विश्वास का मुद्दा था। मोदी ने 22 जनवरी को 10 दिन के कठोर अनुष्ठान के बाद राम लला को भव्य राम मंदिर में विराजमान किया। इसी तरह कांग्रेस ने तीन तलाक के मुद्दे को भी मुस्लिम बहनों पर थोपकर उनके सम्मान पर कुठाराघात किया था। भाजपा के कार्यकर्ताओं को गर्व महसूस करना चाहिए कि वे भाजपा के सदस्य हैं। आज इस एक मंच पर भाजपा के पन्ना प्रमुख भी हैं बूथ अध्यक्ष भी हैं मंडल अध्यक्ष भी हैं प्रदेश अध्यक्ष भी और राष्ट्रीय अध्यक्ष भी। आज पूरे भारत में हमारे 8 लाख 60 हज़ार बूथ अध्यक्ष हैं।
Tags:    

Similar News