Kumarsain. कुमारसैन। उप मंडल कुमारसैन के अंतर्गत नगर पंचायत नारकंडा में कांग्रेस ने अपना राजनीतिक वर्चस्व कायम रखते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर कब्जा जमाया है। मंगलवार को आयोजित विशेष बैठक में शशी कैंथला को सर्वसम्मति से नगर पंचायत नारकंडा का अध्यक्ष तथा नरेश कैंथला को उपाध्यक्ष चुना गया। इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक कुलदीप सिंह राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे। चुनाव प्रक्रिया एवं शपथ ग्रहण समारोह का संचालन एसडीएम कुमारसैन ने किया। शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा सभी वार्ड सदस्यों ने नगर पंचायत के विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष शशी कैंथला ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग, पर्यटन सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने नगर पंचायत को एक आदर्श और आधुनिक नगर निकाय बनाने के लिए सभी सदस्यों के सहयोग से कार्य करने की बात कही। उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र की समस्याओं के त्वरित समाधान और विकास कार्यों को गति देने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि नारकंडा के विकास के लिए प्रदेश सरकार और स्थानीय निकाय मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत में कांग्रेस की जीत जनता के विश्वास और विकास की राजनीति की जीत है।