मनाली में एनएच की हालत खस्ता, एक साल बाद भी जख्म हरे

Update: 2024-05-09 10:22 GMT
कुल्लू। साल 2023 में आठ जुलाई को पर्यटन नगरी मनाली में आई भयानक बाढ़ के मंजर को लोग अभी तक नहीं भूल पाए हैं। जैसे ही बारिश होती है तो लोगों की आंखों के सामने वह भयानक मंजर सामने आ जाता है। बाढ़ में सब कुछ तबाह होने के बाद कुछ हालात पटरी पर लौट आए हैं, तो कुछ अभी भी बिखरा पड़ा है। पर्यटन नगरी मनाली की बात करें तो यहां पर फोरलेन जुलाई 2023 की बाढ़ से मार्ग टूट चुका है। एनएच की दीवारें नदी में गिरी हुई है। आज भी जख्म वैसे के वैसे ही हैं। यहां पर काफी एरिया तक एनएच टूट जाने से एक तरफ ही वाहन दौड़ते हैं। मनाली में एक दिन में हजारों वाहन पहुंच रहे हैं। ऐसे में मनाली के प्रवेश द्वार से लेकर मनाली स्थित भूतनाथ मंदिर तक कई बार यहां पर ट्रैफिक जाम लग रहा है। कारण यह है कि इस बीच फोरलेन बीते दस महीने पहले बाढ़ की भेंट चढ़ गया है। लेकिन अभी तक यहां पर सडक़ की मरम्मत का कार्य का कोई अता-पता नहीं है।

हजारों पर्यटक यहां पर बाढ़ की भेंट चढ़ी सडक़ को देखकर यह महसूस करते हैं कि क्यों इतनी खूबसूरत मनाली की बेकद्री हो रही है। एनएचएआई और सरकार पर्यटन नगरी मनाली में इस महत्पूर्ण मार्ग पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिसका खमियाजा मनाली के साथ-साथ लाहुल-स्पीति के लोगों और देश-दुनिया से यहां घूमने आने वाले पर्यटकों को झेलना पड़ रहा है। यहां पर जाम में फंसना पड़ रहा है। लिहाजा, बाढ़ से टूटी सडक़ अभी तक दुरुस्त नहीं हो पाई है। बाढ़ की त्रासदी के दस महीनों बाद भी क्षतिग्रस्त एनएच की मरम्मत मनाली में नहीं हो पाई है। जिसके कारण लोगों को एनएचएआई की कार्यशैली पर आक्रोश हो रहा है। वहीं, सरकार और नेताओं के प्रति भी रोष बढ़ता जा रहा है। पर्यटन नगरी मनाली में पर्यटन सीजन यौवन पर है। वहीं, अगले दिनों पर्यटन और बढऩे वाला है। जिससे मनाली में ट्रैफिक और बढ़ेगा। मनाली में ट्रैफिक ज्यादा होता है। वहीं, अब मनाली में बाढ़ से टूटे हुए एनएच की सुध नहीं लेने पर दिक्कत और बढ़ सकती है। बता दें कि बरसात को भी समय थोड़ा रह गया है। वहीं, यदि पिछले वर्ष की तरह ही बरसात रही तो नुकसान हो सकता है। यदि समय रहते यहां पर एनएच की सुध नहीं ली तो बरसात के दिनों में खतरा और बढ़ सकता है। बची हुई सडक़ भी भेंट चढ़ सकती है।
Tags:    

Similar News