PWD मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ शिकायत, सड़क निरीक्षण के दौरान मारपीट और धमकी का आरोप
Delhi दिल्ली: दिल्ली के विकासपुरी थाने में सामाजिक कार्यकर्ता और चांद नगर निवासी साहिब सिंह ने PWD मंत्री प्रवेश वर्मा और 12-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच के दौरान उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी दी गई। साहिब सिंह ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि वह सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता को रिकॉर्ड कर रहे थे। इसी दौरान विवाद की स्थिति बनी और उनके साथ कथित रूप से धक्का-मुक्की की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें थप्पड़ मारा गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शिकायतकर्ता ने सड़क निर्माण कार्य में कथित भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया है। उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की जांच की जाए और सड़क निर्माण की गुणवत्ता से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साहिब सिंह ने पुलिस से मंत्री प्रवेश वर्मा और अन्य लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में उन्होंने घटना के दौरान मौजूद लोगों और पूरे घटनाक्रम की जांच की अपील की है।
यह मामला उस समय सामने आया है जब दिल्ली में सड़क निर्माण और उनकी गुणवत्ता को लेकर राजनीतिक विवाद चल रहा है। सड़क निरीक्षण के दौरान हुए विवाद का वीडियो भी सामने आया था, जिसके बाद इस घटना को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि सड़क निर्माण में अनियमितताओं को सामने लाने के उद्देश्य से वह मौके पर रिकॉर्डिंग कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी आवाज दबाने की कोशिश की गई।
वहीं, मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े वीडियो, मौके पर मौजूद लोगों के बयान और अन्य तथ्यों की जांच कर सकती है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस मामले को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। विपक्षी दलों ने घटना को लेकर सवाल उठाए हैं, जबकि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विकासपुरी थाना पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कदम उठाए जाएंगे।