गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी के अवसर पर अयोध्या, राम मंदिर और दीपोत्सव को लेकर विरोधियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग भारत को कमजोर करना चाहते हैं, वे अयोध्या में हो रहे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ऐसे लोग अयोध्या और भगवान श्रीराम से जुड़े आयोजनों को लेकर दुष्प्रचार कर रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा, "जो लोग भारत को कमजोर करना चाहते हैं, वे लोग कैसे इन सब कार्यों को देख सकते हैं? अयोध्या त्रेता युग का स्मरण कराए, उन्हें कैसे बर्दाश्त होगा? अयोध्या में भव्य दीपोत्सव हो, उन्हें कैसे ये स्वीकार्य है?"
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम के मंदिर का निर्माण निर्धारित समयसीमा से पहले पूरा होना भी कुछ लोगों को स्वीकार नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कारण दुष्प्रचार का सहारा लिया जा रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या के बारे में वे लोग दुष्प्रचार कर रहे हैं, जिन्होंने वहां रामलीला के दर्शन तक नहीं किए हैं। मुख्यमंत्री ने राम जन्मभूमि आंदोलन का उल्लेख करते हुए अपने राजनीतिक विरोधियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान रामभक्तों पर अत्याचार किए थे, आज वे भी राम-राम का नाम ले रहे हैं।
उन्होंने कहा, "राम नाम की चिल्लाहट कालनेमी भी करता था। बजरंग बली की तरह आपमें भी पहचान करने का सामर्थ्य होना चाहिए कि कौन सही है और कौन गलत है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में लोगों से सही और गलत के बीच अंतर पहचानने की अपील की। उनके बयान में अयोध्या के धार्मिक आयोजनों, राम मंदिर निर्माण और राम जन्मभूमि आंदोलन का विशेष उल्लेख रहा।
Tags: