Kullu. कुल्लू। कुल्लू जिला स्थित भुंतर हवाई अड्डे पर 75 लाख रुपए की लागत से निर्मित एनसीसी हैंगर का उद्घाटन सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में एनसीसी की एयर विंग के लिए यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इस सुविधा से प्रदेश के युवाओं को विमानन प्रशिक्षण के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि नया एनसीसी हैंगर क्षेत्र में विमानन प्रशिक्षण के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे एयर एनसीसी कैडेट्स को विमानन क्षेत्र से संबंधित व्यावहारिक जानकारी सिम्युलेटर आधारित प्रशिक्षण और उड़ान के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा विकसित करने के बेहतर अवसर मिलेंगे।


उन्होंने कहा कि यह सुविधा प्रदेश के युवाओं को भविष्य में कुशल पायलट, जिम्मेदार नागरिक और नेतृत्व क्षमता से संपन्न व्यक्तित्व के रूप में विकसित करने की दिशा में अहम साबित होगी। उन्होंने कहा कि भुंतर एयरपोर्ट पर एनसीसी के फ्लाइंग नोड और प्रशिक्षण गतिविधियों का सक्रिय होना हिमाचल के पहाड़ी क्षेत्र के युवाओं को भारतीय वायुसेना और सिविल एविएशन में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगा। इससे पूर्व हैंगर के उद्घाटन अवसर पर विमान के हैंगर की ओर बढऩे के दौरान वाटर कैनन सैल्यूट के माध्यम से भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी, एपीएमसी के अध्यक्ष रामसिंह मियां, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय शिमला के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर हरप्रीत सिंह, एनसीसी के अधिकारी व कैडेट्स उपस्थित रहे।
Tags: