CM सुक्खू ने असम में कांग्रेस के लिए किया जोरदार प्रचार, बदलाव का संदेश
Shimla. शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज असम में कांग्रेस पार्टी के लिए धुआंधार प्रचार किया। उन्होंने जलेश्वर और सेंगा विधानसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगे और जनता से अपील की कि इस बार बदलाव के लिए कांग्रेस को विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता पिछले दस वर्षों से भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से परेशान है और इस बार बदलाव चाहती है।
मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और असम की संपदा की लूट का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य के विकास की गति ठप हो गई है और अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कांग्रेस सरकार बनने पर सभी भ्रष्टाचार मामलों की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुक्खू ने गायक जुबीन गर्ग की संदिग्ध मौत के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक की कार्रवाई असम की जनता को संतुष्ट नहीं कर सकी है। उन्होंने वादा किया कि कांग्रेस सरकार बनने के 100 दिनों के भीतर न्याय सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने भाजपा पर धर्म और जाति के आधार पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस को देशहित में काम करने वाली पार्टी बताया।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के घोषणा-पत्र का भी विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर असम में अपना व्यवसाय शुरू करने वाली प्रत्येक महिला को 50,000 रुपए की प्रारंभिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही बुजुर्गों को हर महीने 1,250 रुपए की पेंशन प्रदान की जाएगी और इसके लिए एक अलग विभाग का गठन किया जाएगा। सुक्खू ने कहा कि हर परिवार को इलाज के लिए 25 लाख रुपए तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस पार्टी असम की जनता से किए गए हर वादे को पूरा करेगी और प्रदेश के विकास एवं लोगों के कल्याण के लिए काम करेगी।
मुख्यमंत्री ने सभा में उपस्थित जनता से अपील की कि वे केवल वादों के आधार पर वोट न दें, बल्कि भाजपा के पिछले शासनकाल के दौरान हुए भ्रष्टाचार और विकास की कमी को भी ध्यान में रखें। उन्होंने कहा कि इस बार असम की जनता बदलाव के लिए तैयार है और कांग्रेस सरकार बनने पर प्रदेश में सशक्त और पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुक्खू के इस प्रचार अभियान में कांग्रेस नेताओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं की भी बड़ी उपस्थिति रही। उन्होंने जनता के बीच जाकर कांग्रेस के विकास और कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी और उन्हें भरोसा दिलाया कि कांग्रेस सरकार बनने पर हर वर्ग और हर व्यक्ति के हित में काम किया जाएगा।