Dehra Gopipur. देहरा गोपीपुर। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को कांगड़ा जिला के बनखंडी में अंतरराष्ट्रीय स्तर के दुर्गेश अरण्य वन्य प्राणी उद्यान के पहले चरण की आधारशिला रखी। कुल 619 करोड़ रुपए की लागत से विकसित हो रहे इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में 150 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं, जिसमें 43 बाड़े, पार्क की चारदीवारी और आठ चैकडैम शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को
निर्देश दिए
कि वर्षा जल संग्रहण के लिए और अधिक चैकडैम बनाए जाएं। इस अवसर पर सीएम सुक्खू ने 47.62 करोड़ रुपए की लागत से वन्य प्राणी उद्यान में अस्पताल, प्रशासनिक भवन, डायग्नोस्टिक ब्लॉक, केंद्रीकृत रसोईघर और क्वारंटीन केंद्र की नींव भी रखी। साथ ही 16.25 करोड़ रुपए की लागत वाली उठाऊ पेयजल योजना का शिलान्यास कर परियोजनाओं की शृंखला को आगे बढ़ाया। पर्यटन और बुनियादी ढांचे को मजबूती देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की तीन महत्त्वपूर्ण सडक़ों हरिपुर से सकरी गैहरा 12.87 करोड़, थाथर त्रिपाल से मेहवा पंचायत 6.64 करोड़ और गुलेर से नंदपुर बरियाल लदरेट 10.29 करोड़ के स्तरोन्नयन कार्य की भी आधारशिला रखी। इसके अलावा देहरा तहसील में 4.96 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया।
Tags: