देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं, उच्च शिक्षा, सड़क निर्माण, पर्यटन और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण वित्तीय प्रस्तावों को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत करोड़ों रुपए की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है। इनमें चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से लेकर सड़कों के निर्माण, मंदिर सौंदर्यीकरण और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्य शामिल हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 13.48 करोड़ मंजूर
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन-1.0 और इंफ्रास्ट्रक्चर मेंटिनेंस के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 13.48 करोड़ रुपए की राज्यांश धनराशि राज्य आकस्मिकता निधि से स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया है। इसके साथ ही चिकित्सा एवं लोक स्वास्थ्य से संबंधित नए लेखाशीर्षक खोलने की अनुमति के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।
21 महाविद्यालयों के कर्मचारियों को राहत
उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रदेश के 21 अशासकीय महाविद्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए मुख्यमंत्री ने 77.69 करोड़ रुपए की शेष धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस मद के लिए कुल 155.38 करोड़ रुपए का प्रावधान है।
सड़क निर्माण और पर्यटन विकास को मंजूरी
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ के धारचूला विधानसभा क्षेत्र की ग्राम सभा दर में आंतरिक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 93.08 लाख रुपए तथा भूमिया मंदिर गैंठन से काल्सिन मंदिर और खूनी गांव तक सड़क निर्माण के प्रथम चरण के लिए 92.32 लाख रुपए मंजूर किए हैं।
ऊधमसिंहनगर के खटीमा स्थित शिव मंदिर अंजनिया में सौंदर्यीकरण, सुरक्षा और चारदीवारी निर्माण के लिए 10 लाख रुपए स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया है।
वहीं, बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र में पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक रूट स्थित फुरकिया पर्यटक आवास गृह की मरम्मत और सुधारीकरण के लिए 4.44 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं।
बैराज और बाढ़ सुरक्षा कार्यों को स्वीकृति
पौड़ी गढ़वाल में सतपुली बैराज के निर्माण की संशोधित लागत में शामिल स्लोप प्रोटेक्शन कार्यों के लिए 4.89 करोड़ रुपए का अनुमोदन किया गया है।
इसके अलावा शारदा (काली) नदी में फ्लड प्लेन जोनिंग के कंसल्टेंसी कार्य के लिए 47.31 लाख रुपए की मंजूरी दी गई है।
नौ सड़क परियोजनाओं के लिए 288.41 करोड़
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि योजना के अंतर्गत नौ स्वीकृत कार्यों के लिए कुल 288.41 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत प्रथम किस्त के रूप में 115.36 करोड़ रुपए जारी करने का अनुमोदन दिया गया है।
इन वित्तीय स्वीकृतियों का उद्देश्य प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क संपर्क, पर्यटन सुविधाओं और बुनियादी ढांचे से संबंधित विकास कार्यों को आगे बढ़ाना है।