Poonch पुंछ: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बादल फटने से आई अचानक बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। सुरनकोट सेक्टर के डारा सांगला गांव समेत कई इलाकों में हुए फ्लैश फ्लड के बाद राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। अब तक बचाव दलों ने आठ शव बरामद कर लिए हैं, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। एसडीआरएफ के एएसआई जाकिर हुसैन ने बताया कि इस अभियान में भारतीय सेना, रोमियो फोर्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना चार से पांच अलग-अलग स्थानों पर हुई है, जहां बादल फटने के बाद अचानक बाढ़ और मलबा आने से नुकसान हुआ।
जाकिर हुसैन के अनुसार, बचाव दल सबसे पहले सुबह माडा इलाके में पहुंचा, जहां से शव बरामद किए गए। इसके बाद एक अन्य स्थान से सूचना मिलने पर टीम सुरनकोट क्षेत्र में पहुंची। यहां एक मकान बहकर खाई में गिर गया था। सेना, रोमियो फोर्स, पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने खाई से एक शव को बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में काफी सहयोग किया। प्रशासन के सभी विभाग मिलकर अभियान चला रहे हैं। एसएसपी और डीसी ने भी मौके का दौरा कर हालात का जायजा लिया है। फिलहाल दोनों अधिकारी सुरनकोट में कैंप लगाकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी बचाव अभियान में शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, कुछ लोग अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है। बचाव दल दुर्गम इलाकों में पहुंचकर मलबे और खाइयों में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। प्रशासन ने कहा है कि सभी एजेंसियां समन्वय के साथ काम कर रही हैं और लापता लोगों को खोजने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।