लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) का आंदोलन लगातार 30वें दिन भी जारी रहा। अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शनकारी स्वास्थ्यकर्मी मंगलवार को हजरतगंज स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के नीचे एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने मोमबत्तियां जलाकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया और सरकार से अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की।
एक महीने से इको गार्डन में धरना
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पिछले एक महीने से लखनऊ के इको गार्डन में लगातार धरना दे रहे हैं, लेकिन उनकी प्रमुख मांगों का अब तक समाधान नहीं हुआ है। एक प्रदर्शनकारी ने कहा, "हम पिछले एक महीने से इको गार्डन में लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं और अपनी मांगों को पूरा कराने का प्रयास कर रहे हैं। हमारी प्रमुख मांगों में सेवाओं का नियमितीकरण और प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन राशि (PBI) को मूल वेतन में शामिल करना है।"
नियमितीकरण और अलग कैडर बनाने की मांग
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की प्रमुख मांगों में सेवाओं का नियमितीकरण, अलग संवर्ग का गठन और वेतन विसंगतियों को दूर करना शामिल है। प्रदर्शनकारी चाहते हैं कि सरकार उनकी सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करे और वेतन संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान निकाले। इससे पहले भी CHO कर्मचारियों ने 4800 ग्रेड पे के समकक्ष वेतनमान तथा PBI को मासिक वेतन में शामिल करने की मांग उठाई थी।
Tags: