Prayagraj प्रयागराज: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के नेता चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने जा रही है और इसको लेकर कोई संदेह नहीं है। प्रयागराज पहुंचे चिराग पासवान ने कहा कि वह अपने युवा साथियों की बात सुनने के लिए यहां आए हैं। उन्होंने युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए कहा कि बिहार में युवा आयोग के गठन को सफल बनाया गया है। अब राष्ट्रीय स्तर पर भी युवा आयोग बनाने की पहल की जा रही है।
चिराग पासवान ने कहा कि देश की सबसे बड़ी आबादी युवाओं की है। युवाओं की समस्याओं, सुझावों और उनकी भागीदारी को ध्यान में रखते हुए एक मजबूत व्यवस्था की जरूरत है। उन्होंने कहा कि युवा देश के भविष्य हैं और उनके हितों के लिए काम करना जरूरी है। उन्होंने बिहार में युवा आयोग के गठन का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं को अपनी बात रखने के लिए एक मंच मिलना चाहिए। इसी सोच के साथ राष्ट्रीय स्तर पर युवा आयोग के गठन की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने के सवाल पर चिराग पासवान ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाने पर काम किया जा रहा है। चिराग पासवान का यह बयान ऐसे समय में आया है जब उत्तर प्रदेश में राजनीतिक दल आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए हैं। विभिन्न दल अपने संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियानों को तेज कर रहे हैं। LJP (रामविलास) बिहार की राजनीति में सक्रिय रही है और अब उत्तर प्रदेश में भी अपना विस्तार करने की तैयारी कर रही है। पार्टी की ओर से युवाओं और सामाजिक मुद्दों को केंद्र में रखते हुए आगे की रणनीति बनाई जा रही है।
Tags: