परिसीमन बिल पर मोदी कैबिनेट की अहम बैठक, संसद में बदला नंबर गेम
मोदी कैबिनेट की बैठक में परिसीमन बिल को मिल सकती है मंजूरी
दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार, 27 नवंबर को सेवा तीर्थ में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक होने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा के साथ मंजूरी दिए जाने की संभावना है। केंद्र सरकार ने 30 नवंबर से संसद सत्र बुलाने का प्रस्ताव रखा है।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के अनुसार, लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर और राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से शुरू होगी। दोनों सदनों का सत्र 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है। इससे पहले 17 अप्रैल को महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण लोकसभा में पारित नहीं हो पाया था। हालांकि, इसके बाद कई सांसदों के दल बदलने और नए राजनीतिक गठबंधनों के चलते संसदीय समीकरण बदल गए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, एनडीए के पास 319 सांसदों का सुनिश्चित समर्थन होने का आकलन है। विधेयक पारित कराने के लिए आवश्यक मतों की संख्या सदन में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों पर निर्भर करेगी। ऐसे में डीएमके और एनसीपी (शरद पवार) के रुख पर भी नजरें टिकी हैं। परिसीमन विधेयक के प्रस्तावित मसौदे में लोकसभा की सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 850 करने और करीब 283 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रावधान बताया गया है।
दूसरी ओर, कांग्रेस ने आगामी संसद सत्र को लेकर रणनीति बनाने के लिए शुक्रवार शाम संसदीय समिति की बैठक बुलाई है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश और सांसद मनीष तिवारी ने सत्र बुलाने के तरीके पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल सभी की नजरें केंद्रीय कैबिनेट की बैठक और विधेयक के अंतिम स्वरूप पर टिकी हैं।