नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तबीयत बिगड़ गई है। सूत्रों के मुताबिक ईडी कस्टडी में अरविंद केजरीवाल की तबियत बिगड़ी है। सीएम केजरीवाल का शुगर लेवल 46 तक गिर गया है। दिल्ली सीएम्ओ ऑफिस ने इस बात की जानकारी दी है। डॉक्टरों का कहना है कि शुगर लेवल का इतना नीचे जाना बहुत खतरनाक है।
सीएम कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया, 'सीएम अरविंद केजरीवाल का शुगर लेवल लगातार ऊपर-नीचे हो रहा है और गिरकर 46 पर आ गया है। डॉक्टरों का कहना है कि शुगर लेवल का इतना नीचे जाना बहुत खतरनाक है।' सीएम ऑफिस ने हेल्थ अपडेट के साथ प्रिसक्रिप्शन भी शेयर किया है, जिससे साफ पता चलता है कि शुगर लेवल की जांच कब हुई और शुगर लेवल कितना है।
बता दें कि दिल्ली हाईकोर्ट में बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की याचिका पर सुनवाई हो रही है। अब हाईकोर्ट शाम साढ़े चार बजे अपना फैसला सुनाएगा। इससे पहले बुधवार को सीएम केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने एक वीडियो जारी कर कहा कि मंगलवार की शाम को जेल में अपने पति से मिलने गई। उन्हें डायबिटीज है, शुगर लेवल ठीक नहीं चल रहे, लेकिन निश्चय दृढ़ है। वे बहुत सच्चे देशभक्त निडर और साहसी व्यक्ति हैं। उनकी लंबी आयु, सेहत और सफलता की कामना करना। उन्होंने कहा है मेरा शरीर जेल में है। लेकिन, आत्मा आप सबके बीच है। आंखें बंद करो तो मुझे अपने आस-पास ही महसूस करोगे।
गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी ने लगभग दो घंटे की पूछताछ के बाद 21 मार्च को उनके आधिकारिक आवास से गिरफ्तार किया था। दिल्ली शराब घोटाले में उन्हें राउज एवेन्यू कोर्ट ने 28 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया था। अपनी गिरफ्तारी के बाद भी अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया है। आम आदमी पार्टी के नेताओं का कहना है कि वह दिल्ली के मुख्यमंत्री बने रहेंगे और जरूरत पड़ने पर जेल से सरकार चलाएंगे।
Tags: