गुरुग्राम। भौंडसी थाना क्षेत्र के जेल रोड स्थित संधार कंपनी में बुधवार दोपहर केमिकल टैंक से जुड़े हादसे में तीन कर्मचारियों की मौत हो गई। काम के दौरान तीनों कर्मचारी टैंक में मौजूद जहरीले रसायन और गैस के संपर्क में आने से बेहोश हो गए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी जान नहीं बच सकी। मृतकों में दो बिहार के रहने वाले थे।
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद तीनों कर्मचारियों को टैंक से बाहर निकालकर बादशाहपुर के एकता अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर उन्हें पार्क अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान तीनों की मौत हो गई।
पुलिस और अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मृतकों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी आरीफ (21), पुत्र मोहम्मद जाहुदीन; नवादा निवासी अनिल झा (20), पुत्र सुधाकर; और बादशाहपुर की आर. आर. कॉलोनी निवासी नरेश कुमार (50), पुत्र शिव लाल यादव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर भौंडसी थाना पुलिस ने कंपनी और अस्पताल पहुंचकर जानकारी जुटाई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवाया है।
प्राप्त शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंपनी प्रबंधन ने आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए बिना कर्मचारियों से टैंक में काम करवाया, जिससे उनकी मौत हुई। शिकायत के आधार पर भौंडसी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के आरोपों और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
Tags: