वाराणसी। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम की साफ्ट लैंडिंग कराकर भारत ने अंतरिक्ष विज्ञान में इतिहास रच दिया। इससे काशी में जश्न का माहौल है। चंद्रयान-3 का लैंडर विक्रम जैसे ही चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरा, पूरा बनारस हर-हर महादेव के जयकारे से गूंज उठा। चंद्रयान को लेकर महिला, पुरुष, बच्चे, जवान, सभी में उत्साह देखने को मिला। जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने कमिश्नरी सभागार में स्कूली बच्चों के साथ लैंडिंग का सीधा प्रसारण देखा।
चंद्रयान-3 की कामयाबी के बाद शहर में कहीं आतीशबाजी हो रही है, तो कहीं ढ़ोल-नगाड़े बज रहे हैं। मिठाई की दुकानों पर भीड़ बढ़ने लगी है। शहर के गोदौलिया, अस्सी, दशाश्वमेध घाट और बीएचयू परिसर में युवाओं की टोलियां जश्न मनाने में मशगूल है। घर की महिलाएं भी इस खुशी में शामिल हैं। शहर में कई स्थानों पर चंद्रयान की सफल लैंडिंग का लाइव प्रसारण किया गया। इसरो से जब उल्टी गिनती शुरू हुई तो सभी टकटकी लगाए देख रहे थे। जैसे ही चंद्रयान की सफल लैंडिंग हई और इसरो के वैज्ञानिकों ने ताली बजाई तो टीवी और मोबाइल देख रहे लोग उछल पड़े। भारत माता की जय और हर हर महादेव का नारा लगाने लगे। पुलिस आयुक्त मुथा अशोक जैन ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए इसरो को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह गौरव का पल है। इस पल का कई दिनों से इंतजार था। आज का दिन कभी नहीं भुलाया जा सकता। सभी को शुभकामनाएं। जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने भी खुशी जताई। इसरो और देशवासियों को इसके लिए बधाई दी।